UP: गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की बोगी में मिला युवती का शव, जांच में जुटी जीआरपी

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी से एक संदिग्ध बॉक्स बरामद हुआ। बॉक्स खोलने पर उसमें एक अज्ञात युवती का शव मिला। शव के कुछ अंग अलग पॉलीथीन में पैक किए गए थे। घटना के बाद रेलवे पुलिस और प्रशासन में खलबली मच गई है।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 15114 शनिवार शाम बिहार के छपरा से रवाना हुई थी और रविवार सुबह गोमतीनगर स्टेशन पहुंची। यात्रियों के उतरने के बाद स्लीपर कोच एस-1 में एक लावारिस बॉक्स पड़ा मिला। संदेह होने पर स्टेशन प्रशासन ने जीआरपी और आरपीएफ को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में बॉक्स खोला गया तो उसमें युवती का शव बरामद हुआ।

यह भी पढ़े - 69 हजार शिक्षक भर्ती मामला: मंत्री आवास पहुंचे अभ्यर्थी, जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी

जीआरपी अधिकारियों के मुताबिक, मृतका की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवती की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

पुलिस का कहना है कि शव को बेहद योजनाबद्ध तरीके से बॉक्स में रखा गया था, ताकि यात्रा के दौरान किसी को शक न हो। प्राथमिक जांच में धारदार हथियार से शव के अंग अलग किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

मृतका के कपड़ों और हुलिये के आधार पर पुलिस ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े होने की संभावना मान रही है। युवती की शिनाख्त और मामले की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।

जीआरपी और आरपीएफ की टीमें छपरा से गोमतीनगर के बीच आने वाले प्रमुख स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। साथ ही ट्रेन के आरक्षित यात्रियों की सूची भी जांची जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदिग्ध बॉक्स ट्रेन में किस स्टेशन से रखा गया।

घटना के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.