- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बहराईच
- बहराइच में मासूम बच्ची की हत्या का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस पर की फायरिंग
बहराइच में मासूम बच्ची की हत्या का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस पर की फायरिंग
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कक्षा तीन की छात्रा की हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया था और घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। घायल आरोपी का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर में चल रहा है।
जांच के दौरान पुलिस को गांव के ही अरुण पुत्र छोटेलाल पर शक हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने वारदात के समय पहने खून से सने कपड़े छिपा रखे हैं। शनिवार शाम पुलिस टीम उसे कपड़ों की बरामदगी के लिए लेकर जा रही थी, तभी वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया।
आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया। शनिवार रात सोबतिया मोड़ इमामगंज बंधा के पास चेकिंग के दौरान आरोपी दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 12 बोर का अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर हमला करने और हिरासत से फरार होने का अलग मामला भी दर्ज किया जा रहा है। साथ ही मासूम बच्ची की हत्या के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
