- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- नर्सिंग छात्रा को धमकी और मानसिक उत्पीड़न, आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
नर्सिंग छात्रा को धमकी और मानसिक उत्पीड़न, आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मोहनलालगंज (लखनऊ)। राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में नर्सिंग की छात्रा को कथित तौर पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के मुताबिक, शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती थी, लेकिन बाद में युवक लगातार फोन कर बातचीत का दबाव बनाने लगा। छात्रा द्वारा दूरी बनाने और बातचीत से मना करने पर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी देना शुरू कर दिया।
छात्रा का आरोप है कि उसने युवक का नंबर ब्लॉक कर दिया था, जिसके बाद आरोपी अन्य नंबरों से फोन कर धमकियां देने लगा। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर छात्रा ने परिजनों को जानकारी दी और पुलिस से शिकायत की।
मोहनलालगंज के प्रभारी निरीक्षक बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी संजय यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।
