गोरखपुर में खूनी वारदात: पत्नी और यूट्यूबर पर पति का हमला, दोनों गंभीर

गोरखपुर। जिले के झंगहा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पत्नी और उसके परिचित युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। धारदार हथियार से किए गए हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि महिला के सिर पर डंडे से वार किया गया। दोनों को गंभीर हालत में एम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी तमिलनाडु में नौकरी करता था और करीब 15 दिन पहले गांव लौटा था। रविवार शाम वह किसी काम से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान उसकी पत्नी ने अपने परिचित एक युवक को घर बुलाया था, जो सोशल मीडिया और यूट्यूब पर सक्रिय बताया जा रहा है।

यह भी पढ़े - शादी का झांसा देकर लूट करने वाली ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरफ्तार

शाम करीब साढ़े पांच बजे पति अचानक घर लौट आया। कमरे में युवक को देखकर उसका गुस्सा भड़क उठा। आरोप है कि उसने घर में रखा हंसिया उठाकर युवक की गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी ने पत्नी के सिर पर डंडे से वार कर दिया।

घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल एम्स भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ समय पहले पति ने सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी और युवक का एक वीडियो देखा था, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस का मानना है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने हमला किया।

बताया जा रहा है कि दंपती की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। घटना के समय दोनों बच्चे अपने मामा के घर गए हुए थे।

झंगहा थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.