पुणे में हैवानियत की हदें पार: पति ने पत्नी पर ढाया अत्याचार, गुप्तांग पर डाला तेजाब

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले के उरुली कांचन इलाके से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। चरित्र पर शक और बेटा न होने की नाराजगी में एक व्यक्ति ने अपनी 24 वर्षीय पत्नी के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने पहले पत्नी की बेरहमी से पिटाई की और फिर उसके गुप्तांग पर तेजाब डाल दिया।

पुलिस के अनुसार घटना 20 अप्रैल की है। आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी पर अवैध संबंधों का आरोप लगाते हुए विवाद करने लगा। विरोध करने पर उसने महिला के साथ मारपीट की और घर में रखी तेजाब की बोतल उठाकर उसके संवेदनशील अंगों पर डाल दी।

यह भी पढ़े - Unnao Case: सुप्रीम कोर्ट ने कुलदीप सेंगर को राहत देने वाला हाईकोर्ट का आदेश रद्द किया

तेजाब से झुलसने के बाद महिला दर्द से चीखने लगी। शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाली जेठानी मौके पर पहुंची और परिवार के अन्य लोगों को बुलाया। इस दौरान आरोपी ने महिला को धमकी दी कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो वह उसे जान से मार देगा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पीड़िता के अनुसार, घटना के बाद वह करीब 15 दिनों तक घर में ही बंधक जैसी स्थिति में रही। आखिरकार जब आरोपी घर से बाहर गया तो वह अपनी दो बेटियों को लेकर किसी तरह मायके पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

परिजनों ने तुरंत महिला को उरुली कांचन पुलिस स्टेशन पहुंचाया, जहां से उसे इलाज के लिए पुणे के ससून अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

उरुली कांचन पुलिस स्टेशन के निरीक्षक सचिन वांगडे ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.