20 मई को देशभर में दवा दुकानों की हड़ताल, बलिया के दवा व्यापारियों ने सांसद से उठाईं समस्याएं

बलिया। ऑनलाइन दवा बिक्री का विरोध करते हुए 20 मई को देशभर में बड़ी हड़ताल होने जा रही है। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर करीब 12.4 लाख से अधिक दवा दुकानें बंद रहने की संभावना है। संगठन का आरोप है कि ई-फार्मेसी कंपनियां बिना उचित जांच के दवाइयां बेच रही हैं, जिससे मरीजों की सुरक्षा पर खतरा पैदा हो रहा है।

इसी क्रम में बलिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (बीसीडीए) के पदाधिकारियों ने सांसद सनातन पांडेय से मुलाकात कर 20 मई को प्रस्तावित बंद, दवा व्यापारियों की समस्याओं और व्यापारिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।

यह भी पढ़े - आरोपी को छुड़ाने के लिए पुलिस पर पथराव, दो पुलिसकर्मी घायल

एसोसिएशन की ओर से दवा व्यवसायियों तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दे सांसद के समक्ष रखे गए। सांसद सनातन पांडेय ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों और अधिकारियों तक दवा व्यापारियों की मांगों को पहुंचाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवाओं और दवा वितरण व्यवस्था से जुड़े लोगों की समस्याओं का समाधान जरूरी है, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद सिंह ने कहा कि दवा व्यवसाय केवल व्यापार नहीं बल्कि समाज सेवा से जुड़ा दायित्व है। उन्होंने कहा कि दवा विक्रेता हमेशा जनता की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं और उनकी व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों का सहयोग आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि एसोसिएशन लगातार दवा व्यवसायियों के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.