सासाराम स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला

सासाराम। बिहार के रोहतास जिले के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक पैसेंजर ट्रेन की बोगी में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ, जब आरा होते हुए पटना जाने वाली ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी। आग लगते ही बोगी से धुएं का गुबार और ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन रवाना होने वाली थी तभी एक बोगी से काला धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में धुआं पूरी बोगी में फैल गया और यात्री जान बचाने के लिए बाहर भागने लगे। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ।

यह भी पढ़े - बिहार में 150 करोड़ की नेत्र चिकित्सा पहल शुरू, गौतम अदाणी ने देशभर के लिए 500 करोड़ का किया संकल्प

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। सुरक्षा के मद्देनजर जली हुई बोगी को ट्रेन से अलग कर दिया गया, ताकि आग अन्य डिब्बों तक न फैल सके।

घटना के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। लोगों का आरोप है कि स्टेशन पर पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था नहीं थी। कुछ यात्रियों ने दावा किया कि पानी की पाइपलाइन में पानी नहीं था और कई फायर एक्सटिंग्विशर भी काम नहीं कर रहे थे।

आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

इस हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.