- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- लखनऊ विश्वविद्यालय में शिक्षक पर गंभीर आरोप, छात्रों में आक्रोश
लखनऊ विश्वविद्यालय में शिक्षक पर गंभीर आरोप, छात्रों में आक्रोश
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के प्राणिशास्त्र विभाग के एक शिक्षक पर लगे गंभीर आरोपों के बाद सोशल मीडिया से लेकर विश्वविद्यालय परिसर तक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। छात्र-छात्राओं ने आरोप लगाया है कि संबंधित शिक्षक शराब के नशे में देर रात फोन कर छात्रों को परेशान करते थे।
शुक्रवार देर रात तक विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों ने नारेबाजी करते हुए शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग की। हालांकि शनिवार को परिसर में स्थिति अपेक्षाकृत शांत रही, लेकिन पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का माहौल बना रहा।
प्राणिशास्त्र विभाग के छात्रों का कहना है कि शिक्षक लंबे समय से एक छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे और देर रात फोन कर परेशान करते थे। छात्रों के मुताबिक, छात्राएं अक्सर शुरुआत में शिकायत नहीं करतीं, लेकिन जब स्थिति गंभीर हो जाती है, तब मामला सामने आता है।
छात्रों ने कहा कि यह घटना अचानक नहीं हुई, बल्कि लंबे समय से चल रही गतिविधियों का परिणाम है। छात्रों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
