- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- कानपुर
- Kanpur News : मई महीने का मुफ्त राशन वितरण 24 अप्रैल से 8 मई तक
Kanpur News : मई महीने का मुफ्त राशन वितरण 24 अप्रैल से 8 मई तक
कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपद के सभी ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों के अंत्योदय अन्न योजना तथा पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को सूचित किया है कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत मई महीने के लिए आवंटित खाद्यान्न का निःशुल्क वितरण 24 अप्रैल से 8 मई तक किया जाएगा।
वहीं पात्र गृहस्थी योजना के तहत प्रत्येक यूनिट पर 2 किलोग्राम गेहूं और 3 किलोग्राम चावल, कुल 5 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि खाद्यान्न वितरण के दौरान पोर्टेबिलिटी ट्रांजेक्शन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके तहत लाभार्थी उपलब्ध स्टॉक की सीमा तक किसी भी उचित दर दुकान से राशन प्राप्त कर सकेंगे।
वितरण की अंतिम तिथि 8 मई निर्धारित की गई है। इस दिन आधार प्रमाणीकरण में असमर्थ उपभोक्ताओं को मोबाइल ओटीपी सत्यापन के माध्यम से भी खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ई-पॉस मशीन से निकलने वाली वितरण पर्चियों पर गेहूं और चावल का मूल्य शून्य अंकित रहेगा, जिससे निःशुल्क वितरण की पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
उचित दर विक्रेताओं को निर्देश दिया गया है कि वे प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक वितरण कार्य सुनिश्चित करें, ताकि सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर खाद्यान्न मिल सके।
जिला पूर्ति अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल निर्धारित गुणवत्ता के खाद्यान्न का ही उठान और वितरण किया जाए तथा किसी भी स्थिति में खाद्यान्न की कालाबाजारी या डायवर्जन न होने पाए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्डधारक को राशन प्राप्त करने में कोई समस्या आती है, तो वह संबंधित उपजिलाधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक या जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकता है।
