- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- देवरिया
- Deoria News : लू से बचाव के लिए श्रमिक सतर्क रहें, सहायक श्रम आयुक्त ने जारी की अपील
Deoria News : लू से बचाव के लिए श्रमिक सतर्क रहें, सहायक श्रम आयुक्त ने जारी की अपील
देवरिया : उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में बढ़ती गर्मी और लू (हीट वेव) को देखते हुए सहायक श्रम आयुक्त स्कन्द कुमार ने शुक्रवार को श्रमिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि आम जनमानस के साथ-साथ धूप में काम करने वाले श्रमिक वर्ग के प्रभावित होने की आशंका अधिक है।
सहायक श्रम आयुक्त ने कहा कि श्रमिक अपने शरीर को पूरी तरह ढककर रखें और काम पर जाते समय गमछा, टोपी, हल्के कपड़े, चश्मा और जूते का प्रयोग अवश्य करें। साथ ही अपने पास पानी की बोतल और नींबू रखें तथा समय-समय पर शीतल जल, नींबू पानी, शिकंजी और नारियल पानी का सेवन करते रहें।
उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर काम करते समय श्रमिक सिर पर गमछा बांधकर रखें, ताकि तेज धूप और गर्म हवाओं से बचाव हो सके।
उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को दोपहर के समय धूप में बाहर न निकलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में बाहर निकलने से बचना चाहिए।
इसके अलावा अत्यधिक प्रोटीन युक्त और बासी भोजन के सेवन से भी परहेज करने की सलाह दी गई है।
सहायक श्रम आयुक्त ने सेवायोजकों से भी अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों में लू से बचाव के लिए उचित प्रबंध सुनिश्चित करें। श्रमिकों के लिए शीतल जल, ओआरएस घोल और छाया की व्यवस्था उपलब्ध कराएं तथा कार्य के समय में आवश्यक बदलाव करें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी श्रमिक को चक्कर आना, उल्टी, तेज बुखार, कमजोरी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भेजा जाए।
