- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- अलीगढ़
- Aligarh News : महिला डॉक्टर पर हमले के विरोध में एएमयू के रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर
Aligarh News : महिला डॉक्टर पर हमले के विरोध में एएमयू के रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर
अलीगढ़ : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टरों ने एक महिला सहयोगी पर कथित हमले के विरोध में हड़ताल शुरू कर दी है, जिससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं।
रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) के उपाध्यक्ष डॉ. अख्तर अली ने कहा कि हाल के दिनों में ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं, जिससे डॉक्टरों में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर खुद को बेहद असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इससे पहले भी ऐसी घटनाओं के बाद एएमयू और जिला प्रशासन ने अस्पताल में पुलिस बल और महिला कर्मियों सहित करीब 200 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हुआ।
डॉ. अख्तर अली ने यह भी आरोप लगाया कि हमले की शिकायत के बावजूद पुलिस देर से पहुंची।
वहीं, एएमयू के प्रॉक्टर नावेद खान ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि महिला मरीज और उसके पति के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में तुरंत प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
उन्होंने माना कि वित्तीय बाधाओं के कारण भर्ती पर रोक होने से परिसर में सुरक्षाकर्मियों की भारी कमी है। साथ ही महिला सुरक्षाकर्मियों की कमी भी स्वीकार की और कहा कि हाल की कई घटनाओं में महिला मरीज या तीमारदार शामिल रही हैं।
हड़ताल समाप्त कराने के लिए एएमयू के वरिष्ठ अधिकारियों और आरडीए प्रतिनिधियों के बीच बैठक चल रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने डॉक्टरों को भरोसा दिलाया है कि उनकी सुरक्षा संबंधी चिंताओं का समाधान किया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि नई भर्ती होने तक अन्य विभागों के कर्मचारियों को मेडिकल कॉलेज के संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया जाएगा।
एक जूनियर डॉक्टर ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा कि सरकारी अस्पतालों में भीड़ और अपर्याप्त सुविधाओं के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं, क्योंकि यहां मुख्य रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीज इलाज के लिए आते हैं।
