Ballia News : गंगा संरक्षण को लेकर डीएम सख्त, सिंगल यूज प्लास्टिक पर कार्रवाई के निर्देश

बलिया : जिला गंगा समिति, पर्यावरण समिति एवं वृक्षारोपण समिति की संयुक्त बैठक शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में गंगा नदी के संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरणीय सुधार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि “जिला गंगा प्लान” के तहत नदियों के पुनरुद्धार के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़े - बलिया में ‘टॉवर वाला प्रेम’ फिर चढ़ा परवान, शादी की जिद में युवक 80 फीट ऊंचे बिजली टॉवर पर चढ़ा

उन्होंने कहा कि इसके लिए नियमित छापेमारी अभियान चलाया जाए और एक व्यवस्थित कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कटहल नाला परियोजना से जुड़े जल निगम के एक्सियन के बैठक में अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और उन्हें चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए।

साथ ही एसटीपी को जल्द से जल्द चालू कराने पर विशेष जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गंगा नदी में गिरने वाले नालों के पानी को हर हाल में रोका जाए। इसके लिए संबंधित विभागों को शीघ्र एक ठोस योजना तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया, ताकि बिना शोधन के गंदा पानी गंगा में न पहुंचे।

उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने के लक्ष्य को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश, वन विभाग के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.