- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- इटावा
- Etawah News : चंबल सेंचुरी के जंगल में बब्बर शेर दिखने के दावे से दहशत, वीडियो वायरल
Etawah News : चंबल सेंचुरी के जंगल में बब्बर शेर दिखने के दावे से दहशत, वीडियो वायरल
इटावा : उत्तर प्रदेश के इटावा स्थित राष्ट्रीय चंबल सेंचुरी से जुड़े कोला गांव के जंगलों में बब्बर शेर और उसके कुनबे के देखे जाने के दावे से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। गेहूं की कटाई कर रहे ग्रामीणों ने पहाड़ी पर बैठे शेर जैसे दिखने वाले जानवर का वीडियो अपने मोबाइल में कैद किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, कोला गांव से करीब 300 मीटर दूर खेतों में लगभग आठ लोग गेहूं की कटाई कर रहे थे। तभी अचानक दहाड़ की आवाज सुनाई दी, जिससे सभी लोग घबरा गए और जान बचाकर गांव की ओर भागे।
गांव निवासी अंगद सिंह ने बताया कि शाम करीब छह बजे यह घटना हुई और उनके एक साथी ने पहाड़ी पर बैठे शेर का वीडियो बना लिया। इसी वीडियो के आधार पर ग्रामीण दावा कर रहे हैं कि गांव के पास बब्बर शेर पहुंच गया है।
राष्ट्रीय चंबल सेंचुरी के अधिकारी और कर्मचारी इस वीडियो को लेकर असमंजस में हैं। ग्रामीणों की सूचना पर सेंचुरी की टीम गांव पहुंचकर जांच और सर्च अभियान चला रही है।
अधिकारियों का कहना है कि चंबल क्षेत्र में बब्बर शेर की मौजूदगी की कोई हालिया पुष्टि नहीं हुई है। करीब 200 वर्ष पहले इस क्षेत्र में शेर पाए जाते थे, लेकिन वर्तमान समय में उनकी मौजूदगी के कोई प्रमाण नहीं हैं।
चंबल सेंचुरी के रेंजर के.के. त्यागी ने बताया कि जंगल में बब्बर शेर होने की सूचना मिली है, लेकिन यह आश्चर्य का विषय है कि यहां शेर आया कहां से, क्योंकि वर्तमान में एशियाई शेर मुख्य रूप से गुजरात में ही पाए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि वहां से शेर आता, तो अन्य क्षेत्रों से भी इसकी सूचना मिलती। फिर भी वीडियो की सत्यता की जांच के लिए टीम लगाई गई है।
उधर, चंबल घाटी में शेर देखे जाने की खबर के बाद स्थानीय सहसो थाना पुलिस भी सतर्क हो गई है।
