Bareilly News : उर्से ताजुश्शरिया का आगाज, परचम कुशाई के जुलूस के साथ पहुंचे अकीदतमंद

बरेली : यूपी के बरेली में मुफ्ती अख्तर रजा खान उर्फ अजहरी मियां के दो रोजा उर्से ताजुश्शरिया का आगाज हो गया। सज्जादानशीन मुफ्ती असजद मियां की सरपरस्ती में परचम कुशाई का जुलूस निकाला गया। नातो-मनकबत का नजराना पेश करते हुए अकीदतमंदों का काफिला दरगाह पहुंचा, जहां जगह-जगह फूलों से इस्तकबाल किया गया। दरगाह पर गुलपोशी और चादरपोशी की रस्म भी अदा की गई।

मथुरापुर स्थित मदरसा जमियातुर्रजा में उर्से ताजुश्शरिया का मंच सजा है। शनिवार को कुल की रस्म अदा की जाएगी। इससे पहले शुक्रवार को देशभर से जायरीन के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

असर की नमाज के बाद शाहबाद और आजमनगर से परचम कुशाई के जुलूस निकले। उर्स प्रभारी सलमान मियां और जमात रजा-ए-मुस्तफा के महासचिव फरमान मियां के साथ अकीदतमंदों का कारवां पुराने रास्तों से होता हुआ दरगाह आला हजरत परिसर स्थित दरगाह ताजुश्शरिया पहुंचा।

उर्स प्रभारी सलमान मियां ने बताया कि देश-विदेश से आए उलमा तकरीर पेश करेंगे। कई दरगाहों के सज्जादानशीन भी कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। घोसी से मुहद्दिस-ए-कबीर जियाउल मुस्तफा, काल्पी शरीफ से गियाज-ए-मिलत, मुफ्ती आशिक हुसैन कश्मीरी, बिलग्राम शरीफ से सोहिल मियां और अनस मियां, फैजाबाद से मौलाना अब्दुल मुस्तफा रुदौली सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

रात 1:40 बजे मुफ्ती-ए-आजम हिंद का कुल होगा। उर्से ताजुश्शरिया में पहुंचे अकीदतमंदों के हक में सज्जादानशीन मुफ्ती असजद मियां ने दुआएं कीं।

जमात रजा-ए-मुस्तफा के पूर्व मीडिया प्रभारी समरान खान ने बताया कि 25 अप्रैल को दिनभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। उर्स स्थल सीबीगंज स्थित मदरसा जामियातुर रजा में तकरीरें होंगी और शाम 7:14 बजे अजहरी मियां का कुल होगा।

उर्स की व्यवस्थाओं में हाफिज इकराम रजा खान, मौलाना आबिद नूरी, डॉक्टर महेंदी, शमीम अहमद, समरान खान, कौसर अली, यासीन खान, सय्यद अजीमुद्दीन अजहरी, अब्दुल्ला रजा खान, मोईन खान, नदीम सुब्हानी, नावेद आलम सहित कई लोग जुटे हुए हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.