- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बाराबंकी
- बाराबंकी में दर्दनाक हादसा: सड़क किनारे सो रहे परिवार पर चढ़ा डंफर, चार की मौत
बाराबंकी में दर्दनाक हादसा: सड़क किनारे सो रहे परिवार पर चढ़ा डंफर, चार की मौत
बाराबंकी। जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा फतेहपुर-महमूदाबाद मार्ग स्थित झांसा गांव में रात करीब दो बजे हुआ।
हादसे में 35 वर्षीय नीरज और उनके 13 वर्षीय बेटे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल 10 वर्षीय अंशिका, 6 वर्षीय आंशू और पत्नी आरती को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां अंशिका और आंशू ने भी दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से घायल आरती की हालत नाजुक बताई जा रही है। उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है।
परिजनों के अनुसार नीरज किराये पर मैजिक वाहन चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। गर्मी और बिजली न होने के कारण पूरा परिवार घर के बाहर सो रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नीरज और अनुराग को मृत घोषित कर दिया। बाद में अन्य घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. आनंद ने बताया कि मृतकों में नीरज, अनुराग, अंशिका और आंशू शामिल हैं। उन्होंने बताया कि नीरज और अनुराग की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि अंशिका और आंशू ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा।
पुलिस ने डंफर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
