- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- कुशीनगर
- UP Crime News: कुशीनगर किशोरी हत्याकांड पर राष्ट्रीय महिला आयोग सख्त, सात दिन में मांगी रिपोर्ट
UP Crime News: कुशीनगर किशोरी हत्याकांड पर राष्ट्रीय महिला आयोग सख्त, सात दिन में मांगी रिपोर्ट
नई दिल्ली/लखनऊ/कुशीनगर। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने उत्तर प्रदेश के कुशीनगर की किशोरी की निर्मम हत्या के मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। किशोरी का क्षत-विक्षत और सिर कटा शव लखनऊ के गोमती नगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के डिब्बे से बरामद हुआ था। इस घटना को लेकर आयोग ने गहरी चिंता जताते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
आयोग ने अपने बयान में कहा कि मीडिया रिपोर्ट्स में इस घटना के पीछे कथित “ऑनर किलिंग” यानी झूठी शान के लिए हत्या या घृणा अपराध की आशंका जताई गई है। आयोग ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ इस तरह की क्रूर हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
पिता समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार 17 मई को 15 वर्षीय किशोरी का क्षत-विक्षत धड़ गोमती नगर रेलवे स्टेशन पर छपरा-गोमती नगर एक्सप्रेस के एक डिब्बे में रखे बक्से से बरामद किया गया था। बाद में उसका सिर कुशीनगर के एक तालाब से मिला।
पुलिस ने बताया कि किशोरी के हाथ और पैर अलग-अलग पॉलिथीन बैग में रखे गए थे। जांच में सामने आया कि आरोपी पिता ने कथित तौर पर अंतरधार्मिक संबंध के शक में पहले बेटी की पिटाई की और बाद में बहन और बहनोई के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक हत्या से पहले आरोपी ने अपनी पत्नी और बेटों को घर से बाहर भेज दिया था। मामले में पिता समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एनसीडब्ल्यू ने मांगी ये जानकारियां
राष्ट्रीय महिला आयोग ने पुलिस से प्राथमिकी में लगाई गई धाराओं, आरोपियों की गिरफ्तारी और पूछताछ की स्थिति, हत्या में इस्तेमाल हथियार तथा पीड़िता के कटे सिर की बरामदगी को लेकर उठाए गए कदमों की जानकारी मांगी है।
इसके अलावा आयोग ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य डिजिटल जांच से जुड़े सभी तथ्यों की रिपोर्ट भी तलब की है।
आयोग ने यह भी निर्देश दिया है कि मामले के सभी पहलुओं, विशेषकर संभावित ऑनर किलिंग और घरेलू हिंसा के एंगल की गहन जांच की जाए। साथ ही पीड़िता के परिवार के अन्य सदस्यों और गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है।
