- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बाराबंकी
- Barabanki Crime News: बाराबंकी में अलग-अलग घटनाओं से सनसनी, झाड़ियों में महिला का शव मिला, नहर में उ...
Barabanki Crime News: बाराबंकी में अलग-अलग घटनाओं से सनसनी, झाड़ियों में महिला का शव मिला, नहर में उतरा वृद्धा का शव
देवा/बाराबंकी : देवा-चिनहट मार्ग पर गुरुवार सुबह उमरी गांव के पास ओखरा पुलिया के निकट झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और कर शव को सुनसान इलाके में लाकर फेंका गया है। पुलिस मामले के खुलासे के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
सूचना पर इंस्पेक्टर यशकांत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि शव को कहीं अन्य स्थान से लाकर यहां फेंका गया है। पुलिस के अनुसार महिला के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी संगम कुमार और फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ महिला की शिनाख्त कराने में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
नहर में उतराता मिला वृद्धा का शव
माती थाना क्षेत्र के तिंदोला गांव के पास गुरुवार दोपहर इंदिरा नहर में एक वृद्ध महिला का शव उतराता मिला। शव दिखने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया।
कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मृतका की उम्र करीब 65 वर्ष प्रतीत हो रही है। महिला के शरीर पर साड़ी, मंगलसूत्र और अन्य आभूषण मौजूद थे। शव कुछ दिन पुराना लग रहा है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला नहर में नहाने के दौरान डूब गई होगी। फिलहाल शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध मौत
शहर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान उत्तर टोला निवासी सरवन नट की पत्नी चांदनी के रूप में हुई है। वह पांच माह की गर्भवती थी। बताया गया कि चांदनी मूल रूप से मोहम्मदपुर गांव की रहने वाली थी और चार वर्ष पूर्व उसने सरवन नट से प्रेम विवाह किया था।
गुरुवार सुबह मृतका के भाई मिन्दर नट को पड़ोसियों से बहन की मौत की सूचना मिली। इसके बाद मायका पक्ष ने पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर देखा कि शव जमीन पर रखा हुआ था। ससुराल पक्ष ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात कही है।
पति सरवन के अनुसार वह पत्नी को अल्ट्रासाउंड जांच कराने ले गया था। डॉक्टर द्वारा कुछ सामान लिखे जाने के बाद दोनों घर लौटे। इसी दौरान किसी बात को लेकर पत्नी नाराज हो गई और कमरे का दरवाजा बंद कर फांसी लगा ली। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
