पेट्रोल-डीजल फिर महंगे, लगातार तीसरी बार बढ़े दाम; आम जनता पर बढ़ेगा बोझ

दिल्ली। तेल विपणन कंपनियों ने शनिवार से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। चार-चार दिन के अंतराल पर यह लगातार तीसरी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है।

नई दरों के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 99.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल के दाम में तीन-तीन रुपये की वृद्धि की गई थी, जबकि 19 मई को भी पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा हुआ था।

यह भी पढ़े - ट्विशा शर्मा मौत मामला: पति समर्थ सिंह कोर्ट में पेश, पूर्व जज सास को हाईकोर्ट का नोटिस

अन्य महानगरों में भी बढ़े दाम

कोलकाता में पेट्रोल 94 पैसे बढ़कर 110.64 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95 पैसे बढ़कर 97.02 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

वहीं चेन्नई में पेट्रोल 82 पैसे और डीजल 87 पैसे महंगा हुआ है। नई कीमतों के अनुसार वहां पेट्रोल 105.31 रुपये और डीजल 96.98 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

अंतरराष्ट्रीय संकट का असर

विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिम एशिया में जारी तनाव और आपूर्ति बाधित होने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल बना हुआ है। इसके साथ ही डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी से तेल कंपनियों की लागत बढ़ गई है, जिसका असर अब आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है।

इंडियन ऑयल ने अपने प्रीमियम पेट्रोल एक्सपी95 की कीमत 87 पैसे बढ़ाकर 106.63 रुपये प्रति लीटर और प्रीमियम डीजल एक्सजी की कीमत 91 पैसे बढ़ाकर 97.81 रुपये प्रति लीटर कर दी है।

यूपी के शहरों में भी बढ़े दाम

उत्तर प्रदेश में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि का असर देखने को मिला है। गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, अयोध्या, मुरादाबाद, आगरा और मथुरा समेत कई शहरों में नए रेट लागू किए गए हैं।

स्थानीय टैक्स और परिवहन लागत के कारण विभिन्न जिलों में कीमतों में थोड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। लगातार बढ़ती कीमतों से आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने की आशंका है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.