ट्विशा शर्मा मौत मामला: पति समर्थ सिंह कोर्ट में पेश, पूर्व जज सास को हाईकोर्ट का नोटिस

भोपाल। मध्य प्रदेश की चर्चित मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में शनिवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। पिछले 10 दिनों से फरार चल रहे और 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी पति समर्थ सिंह को भोपाल पुलिस कोर्ट में पेश करने जा रही है। मामले की जांच कर रही एसआईटी आरोपी की सात दिन की पुलिस रिमांड मांग सकती है, ताकि मौत से जुड़े तथ्यों की गहन पड़ताल की जा सके।

वहीं मामले में नामजद आरोपी और समर्थ सिंह की मां, पूर्व जज गिरिबाला सिंह को भी हाईकोर्ट का नोटिस जारी किया गया है। अदालत ने उन्हें 25 मई को व्यक्तिगत रूप से पेश होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़े - स्पार्क्स ने लॉन्च किए नए शू-स्टाइल सैंडल्स, ‘समर स्वैग’ कैंपेन से युवाओं को करेगा आकर्षित

पूर्व जज के घर पहुंची वकीलों की टीम

शनिवार सुबह भोपाल के कटारा हिल्स स्थित गिरिबाला सिंह के आवास पर हलचल तेज रही। यहां वकीलों की एक टीम पहुंची और बंद कमरे में कानूनी रणनीति पर चर्चा हुई। पहले इस मामले में पैरवी कर रहे वकील के पीछे हटने के बाद अटकलें लगाई जा रही थीं कि पूर्व जज गिरिबाला सिंह स्वयं अदालत में अपना पक्ष रखेंगी, लेकिन परिवार की ओर से इस संभावना से इनकार किया गया है।

जबलपुर हाईकोर्ट में किया था सरेंडर

मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत के बाद से फरार चल रहे क्रिमिनल लॉयर समर्थ सिंह ने शुक्रवार को जबलपुर हाईकोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने अग्रिम जमानत याचिका भी दायर की थी, लेकिन बाद में उसे वापस लेकर सरेंडर कर दिया।

इसके बाद जबलपुर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर भोपाल पुलिस के हवाले कर दिया। देर रात भारी सुरक्षा के बीच आरोपी को कटारा हिल्स थाने लाया गया।

एसआईटी प्रमुख और एसीपी रजनीश कश्यप ने बताया कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं समर्थ के वकील का कहना है कि वह फरार नहीं था, बल्कि कानूनी प्रक्रिया के तहत हाईकोर्ट पहुंचा था।

घटनास्थल की दोबारा जांच

कटारा हिल्स पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की दोबारा जांच शुरू कर दी है। पुलिस छत पर लगे जिम्नास्टिक हुक और बेल्ट की ऊंचाई व स्थिति की बारीकी से जांच कर रही है। इसी हुक से ट्विशा शर्मा का शव 12 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला था।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है, जिसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

दोबारा पोस्टमार्टम की तैयारी

ट्विशा शर्मा की मौत को 12 दिन बीत चुके हैं, लेकिन परिजनों द्वारा स्थानीय पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल उठाने के बाद शव अभी भी भोपाल एम्स की मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया है।

हाईकोर्ट ने दोबारा पोस्टमार्टम की अनुमति दे दी है। जानकारी के अनुसार दिल्ली एम्स की विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम रविवार को भोपाल पहुंच सकती है और दोबारा पोस्टमार्टम करेगी।

डेटिंग ऐप से शुरू हुई थी प्रेम कहानी

बताया जा रहा है कि मॉडल ट्विशा शर्मा और क्रिमिनल लॉयर समर्थ सिंह की मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दिसंबर 2025 में उन्होंने प्रेम विवाह किया था।

हालांकि शादी के महज पांच महीने बाद 12 मई 2026 को ट्विशा की संदिग्ध मौत हो गई। मृतका के परिवार ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने इस पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई को सौंपने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.