भारत के लिए राहत भरी खबर: वेनेजुएला बना तीसरा सबसे बड़ा तेल सप्लायर

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। जिस वेनेजुएला से भारत कुछ महीने पहले तक कच्चे तेल का आयात नहीं कर रहा था, वही अब भारत को सबसे अधिक तेल सप्लाई करने वाले देशों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। मई महीने में वेनेजुएला से भारत का तेल आयात रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।

जानकारी के अनुसार मई में वेनेजुएला से भारत ने प्रतिदिन 4.17 लाख बैरल से अधिक कच्चे तेल का आयात किया। इसके साथ ही अब रूस और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बाद वेनेजुएला भारत का तीसरा सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता बन गया है।

अगले हफ्ते भारत आएंगी वेनेजुएला की राष्ट्रपति

इस बीच अगले सप्ताह वेनेजुएला की राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज भारत दौरे पर आने वाली हैं। माना जा रहा है कि इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच ऊर्जा और तेल क्षेत्र में बड़े समझौते हो सकते हैं।

अंतरराष्ट्रीय सूत्रों के मुताबिक भारत और वेनेजुएला के बीच दीर्घकालिक तेल आपूर्ति को लेकर रणनीतिक बातचीत जारी है। इसे भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दुनिया का सबसे बड़ा तेल भंडार

वेनेजुएला के पास दुनिया का सबसे बड़ा तेल भंडार मौजूद है। अनुमान है कि वहां 300 बिलियन बैरल से अधिक तेल भंडार है। हालांकि अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण लंबे समय तक उसका तेल निर्यात प्रभावित रहा।

विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक बाजार में तेल की आपूर्ति बनाए रखने और कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए अमेरिका ने वेनेजुएला पर कुछ प्रतिबंधों में नरमी दिखाई है। इसी का फायदा उठाते हुए भारतीय कंपनियों ने वहां से तेल खरीद बढ़ाई है।

भारत क्यों बढ़ा रहा है तेल आयात?

भारत अपनी जरूरत का लगभग 85 प्रतिशत कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है। ऐसे में किसी एक देश पर अत्यधिक निर्भरता से बचने के लिए भारत लगातार नए विकल्प तलाश रहा है।

रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद भारत ने रूस से बड़ी मात्रा में रियायती तेल खरीदा, लेकिन अब भारत अपनी ऊर्जा सुरक्षा को संतुलित करने के लिए वेनेजुएला जैसे नए स्रोतों पर भी ध्यान दे रहा है।

मध्य-पूर्व संकट का असर

मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में बाधाओं के कारण सऊदी अरब और इराक समेत कई देशों से तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक सऊदी अरब से भारत की तेल सप्लाई मई में लगभग आधी रह गई।

इराक से भी तेल आयात में भारी गिरावट दर्ज की गई है। ऐसे में वेनेजुएला भारत के लिए एक अहम विकल्प बनकर उभरा है।

40 देशों से तेल खरीद रहा भारत

पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार भारत इस समय दुनिया के करीब 40 देशों से कच्चा तेल खरीद रहा है। सरकार की कोशिश है कि किसी भी भू-राजनीतिक संकट का असर देश की ऊर्जा जरूरतों पर न पड़े और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति स्थिर बनी रहे।

खबरें और भी हैं

Latest News

गाजीपुर एनकाउंटर पर मंत्री संजय निषाद के सवाल, बोले- मुख्य आरोपी नहीं था कमलेश बिंद गाजीपुर एनकाउंटर पर मंत्री संजय निषाद के सवाल, बोले- मुख्य आरोपी नहीं था कमलेश बिंद
गाजीपुर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद ने गाजीपुर में...
Lucknow Crime News : प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या, 12 दिन बाद जंगल से मिले कंकालनुमा अवशेष
Ballia News : शादी से पहले युवती पर घर में घुसकर हमला, मां-बेटों पर मुकदमा दर्ज
नौरंगा में कटानरोधी कार्य की धीमी रफ्तार पर भड़के डीएम, युद्धस्तर पर काम पूरा करने के निर्देश
डीएम ने बदला सम्पूर्ण समाधान दिवस का कार्यक्रम, 6 जून को बेल्थरा रोड में होगी जनसुनवाई
Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.