- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया के स्पा सेंटर का ‘काला सच’ उजागर, दिल्ली पुलिस की छापेमारी में सात लड़कियां बरामद
बलिया के स्पा सेंटर का ‘काला सच’ उजागर, दिल्ली पुलिस की छापेमारी में सात लड़कियां बरामद
बलिया। शहर के मालगोदाम चौराहे के पास संचालित एक स्पा सेंटर पर दिल्ली पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम की छापेमारी के बाद सनसनी फैल गई है। चमकते बोर्ड और आराम का दावा करने वाले इस स्पा सेंटर से सात लड़कियों की बरामदगी के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर को सील कर दिया है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली के अंबेडकर नगर थाने में दर्ज एक गुमशुदगी के मामले की जांच के दौरान गुजरात से एक लड़की बरामद हुई थी। पूछताछ में लड़की ने बताया कि उसे स्पा सेंटर में लाने वाली महिला बलिया के इसी सेंटर में मौजूद है। इसी सूचना के आधार पर शुक्रवार को दिल्ली से पहुंची एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम ने बलिया पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान विभिन्न जिलों और राज्यों से आई सात लड़कियों को बरामद किया गया। पुलिस करीब छह घंटे तक सेंटर में मौजूद रही और लड़कियों के साथ-साथ मैनेजर व कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई।
बरामद लड़कियों को मेडिकल परीक्षण के बाद वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है। सूत्रों के अनुसार आगे की पूछताछ उनके परिजनों की मौजूदगी में की जाएगी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच में यह भी सामने आया है कि मसाज पार्लर की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। पूछताछ में नाबालिग लड़कियों से गलत काम कराए जाने की आशंका भी जताई गई है।
पुलिस के अनुसार स्पा सेंटर का संचालक मोनू मूल रूप से मदन गिरी, अंबेडकर नगर, साउथ दिल्ली का रहने वाला है। फिलहाल उसकी तलाश की जा रही है और जल्द पूछताछ की जाएगी।
इस संबंध में शहर कोतवाल प्रवीण सिंह ने बताया कि दिल्ली पुलिस द्वारा छापेमारी की गई है। कुछ लड़कियों को बरामद किया गया है और मामले की जांच जारी है।
