- Hindi News
- भारत
- देशभर में मौसम का डबल अटैक: कहीं मूसलाधार बारिश तो कहीं 46 डिग्री की भीषण गर्मी
देशभर में मौसम का डबल अटैक: कहीं मूसलाधार बारिश तो कहीं 46 डिग्री की भीषण गर्मी
नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज दो अलग-अलग रूपों में देखने को मिल रहा है। एक ओर उत्तर और मध्य भारत के कई राज्य भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, तो दूसरी ओर दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की तेज रफ्तार ने कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना बढ़ा दी है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, असम, मेघालय और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। बिहार और झारखंड में भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में 23 मई को हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है, जबकि 24 और 25 मई को दरभंगा, गया, मधुबनी, पूर्णिया और भागलपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है।
पहाड़ों में बारिश, मैदानी इलाकों में लू का कहर
उत्तराखंड के हरिद्वार, चमोली और उत्तरकाशी तथा हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली और कुल्लू में हल्की बारिश की संभावना है, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।
वहीं दूसरी तरफ दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई मैदानी राज्यों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आने वाले दो दिनों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।
दिल्ली और यूपी में गर्म हवाओं का अलर्ट
राजधानी दिल्ली में 25 मई तक लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर के समय 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में भी 28 मई तक भीषण लू पड़ने का अनुमान है। कानपुर, इटावा, फतेहपुर, कन्नौज, मिर्जापुर और बांदा जैसे जिलों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। तेज गर्मी के कारण दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है।
ओडिशा में लू से तीन लोगों की मौत
ओडिशा में गर्मी और उमस से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्य में इस महीने लू की वजह से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। 30 में से 26 जिलों में हीटवेव का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने झारसुगुड़ा, संबलपुर और बोलंगीर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में भी गर्म हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि अमृतसर और पठानकोट में हल्की राहत मिलने के संकेत दिए गए हैं।
