- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बाराबंकी
- Barabanki Crime News : बाराबंकी में लाखों की चोरी से दहशत, घर से जेवर और नकदी पार; सीसीटीवी में कैद
Barabanki Crime News : बाराबंकी में लाखों की चोरी से दहशत, घर से जेवर और नकदी पार; सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध युवक
बाराबंकी। कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम पंचायत सरथरा, पोस्ट सफेदाबाद में शुक्रवार देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित परिवार के मुताबिक अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और 25 हजार रुपये नकद चोरी हो गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब चार से पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक महीने में इलाके में यह तीसरी बड़ी चोरी की घटना है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
कोतवाल सुधीर सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
ग्रीन गार्डन सिटी में सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध युवक
उधर, शहर के ग्रीन गार्डन सिटी चोपुला इलाके में देर रात संदिग्ध युवकों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद कॉलोनीवासियों में दहशत फैल गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवक घरों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। सीसीटीवी फुटेज में कुछ युवक मुंह बांधे हुए कॉलोनी की गलियों में घूमते और घरों के आसपास संदिग्ध गतिविधियां करते दिखाई दे रहे हैं।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में संदिग्ध लोगों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
