- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- यूपी में भीषण गर्मी का कहर, अगले 48 घंटे बेहद भारी; कई जिलों में रेड अलर्ट
यूपी में भीषण गर्मी का कहर, अगले 48 घंटे बेहद भारी; कई जिलों में रेड अलर्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि आगामी 48 घंटे स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में अगले सात दिनों तक लू चलने की संभावना जताई गई है।
कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बुंदेलखंड और पूर्वांचल के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, मिर्जापुर, वाराणसी और जौनपुर समेत कई जिलों में भीषण गर्मी और लू की चेतावनी दी गई है।
वहीं कानपुर, आगरा, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, झांसी, ललितपुर और मथुरा सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या और देवरिया समेत अन्य जिलों में भी लू को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बांदा रहा सबसे गर्म जिला
प्रदेश में बांदा लगातार पांचवें दिन सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कई शहरों में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार एंटी-साइक्लोन और शुष्क पछुआ हवाओं के कारण गर्मी का असर और बढ़ गया है। लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
‘नौतपा’ को लेकर चर्चा में घाघ की कहावत
भीषण गर्मी के बीच कन्नौज के लोककवि घाघ की मौसम संबंधी कहावतें भी चर्चा में हैं। “तपै नवतपा नव दिन जोय, तौ पुन बरखा पूरन होय” कहावत के अनुसार नौतपा के दौरान तेज गर्मी पड़ने पर अच्छी बारिश होने की संभावना मानी जाती है।
इस वर्ष नौतपा 25 मई से 2 जून तक रहेगा। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस दौरान गर्मी और लू का असर और बढ़ सकता है।
बिजली की मांग पहुंची 33 हजार मेगावाट के करीब
भीषण गर्मी के चलते प्रदेश में बिजली की मांग भी तेजी से बढ़ी है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के अनुसार रात्रि में बिजली की मांग 32 से 33 हजार मेगावाट तक पहुंच रही है।
पावर कॉरपोरेशन के निदेशक वितरण ज्ञानेन्द्र धर द्विवेदी ने बताया कि 22 मई को दोपहर 2:30 बजे प्रदेश में 30,357 मेगावाट की उच्चतम बिजली आपूर्ति दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।
