- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- माफिया मिट्टी में मिल गए, अब यूपी विकास और विरासत का प्रतीक : सीएम योगी
माफिया मिट्टी में मिल गए, अब यूपी विकास और विरासत का प्रतीक : सीएम योगी
लखनऊ/देवरिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को देवरिया में 655 करोड़ रुपये की 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने 2017 से पहले की कानून व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले हर जिले में माफिया सक्रिय थे, लेकिन आज उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल चुकी है।
सीएम योगी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई शोहदा छेड़छाड़ का दुस्साहस करेगा तो यमराज उसका टिकट काटने के लिए तैयार बैठे हैं।
“समस्याएं नहीं, समाधान देती है सरकार”
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार समस्याओं को टालने वाली नहीं, बल्कि उनका समाधान देने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि जनता जनार्दन इसी वजह से भाजपा को लगातार समर्थन दे रही है और आज उत्तर प्रदेश की पहचान पूरी तरह बदल चुकी है।
उन्होंने कहा कि “वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया” की जगह अब “वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज” और “वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट” ने ले ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश ने विकास की नई गति पकड़ी है।
देवरिया की विकास परियोजनाओं को नहीं रुकने देंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवरिया की जनता ने 2022 विधानसभा चुनाव में भाजपा को सातों सीटों पर जीत दिलाई थी, इसलिए सरकार जिले के विकास कार्यों को रुकने नहीं देगी। उन्होंने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोहन सिंह सेतु परियोजना के लिए पहले सिर्फ “टोकन मनी” दी गई थी, जबकि वर्तमान सरकार समयबद्ध तरीके से पुल निर्माण पूरा कराएगी और धन की कमी नहीं आने देगी।
सांस्कृतिक विरासत और विकास का संगम बना यूपी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान गुंडों और माफियाओं से होती थी, लेकिन आज प्रदेश का नाम पूरे देश में सम्मान और गर्व के साथ लिया जाता है। उन्होंने कहा कि यूपी अब विरासत और विकास दोनों का संगम बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन, नैमिषारण्य, विंध्यधाम, प्रयागराज और कुशीनगर का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का पुनर्जागरण हुआ है।
गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा देवरिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवरिया अब फोरलेन कनेक्टिविटी से जुड़ चुका है और गोरखपुर पहुंचने में लगने वाला समय काफी कम हो गया है। देवरिया से बलिया तक सड़क परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि देवरिया-कसया फोरलेन मार्ग और बाईपास बनने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि यह नॉर्थ-साउथ कनेक्टिविटी का भी महत्वपूर्ण हिस्सा बनेगा। यह मार्ग देवरिया को मऊ, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, वाराणसी और लखनऊ से जोड़ेगा तथा गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे से भी लिंक होगा।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, सांसद शशांक मणि, विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी, सुरेंद्र चौरसिया, सभाकुंवर कुशवाहा, दीपक कुमार मिश्र ‘शाका’, जय प्रकाश निषाद और डॉ. रतनपाल सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
