- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसला पैर, 100 मीटर तक घसीटता चला गया यात्री, इलाज के दौरान मौत
चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसला पैर, 100 मीटर तक घसीटता चला गया यात्री, इलाज के दौरान मौत
बलिया : सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक यात्री का पैर फिसल गया, जिससे वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंसकर करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया। गंभीर रूप से घायल यात्री को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इसी दौरान बैरिया क्षेत्र के करमानपुर निवासी मुहम्मद इंद्रीश (30) बलिया आने के लिए ट्रेन में सवार होने की कोशिश कर रहे थे। गेट पर पैर रखते ही उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच चला गया।
हादसे के बाद वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच करीब 100 मीटर तक घसीटते चले गए। मौके पर मौजूद अन्य यात्रियों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह उनका हाथ पकड़कर उन्हें प्लेटफॉर्म पर खींच लिया।
हालांकि तब तक इंद्रीश गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल सीएचसी सोनबरसा पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
