- Hindi News
- भारत
- चोरी के बाद भागा नहीं चोर, ऑफिस में AC चलाकर 6 घंटे सोता रहा; CCTV देख मालिक भी रह गया हैरान
चोरी के बाद भागा नहीं चोर, ऑफिस में AC चलाकर 6 घंटे सोता रहा; CCTV देख मालिक भी रह गया हैरान
गुजरात : नवसारी के जुनाथाना इलाके से चोरी का एक बेहद अनोखा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस के साथ-साथ आम लोगों को भी हैरान कर दिया। यहां एक ऐड एजेंसी में चोरी करने के बाद चोर भागने की बजाय ऑफिस में ही एयर कंडीशनर चालू कर आराम से सो गया और करीब 6 घंटे तक वहीं रुका रहा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रात करीब 10:26 बजे एक नकाबपोश व्यक्ति ताला तोड़कर ऐड एजेंसी के ऑफिस में घुसा। उसने सबसे पहले ऑफिस के ड्रॉअर की तलाशी ली और वहां से 60 हजार रुपये नकद तथा लगभग 10 ग्राम चांदी चुरा ली।
चोरी के बाद बाहर की गर्मी से बचने के लिए उसने ऑफिस का एयर कंडीशनर चालू कर दिया। इसके बाद वह आराम से एक कुर्सी पर बैठ गया और फिर वहीं सो गया।
सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि चोर रात 10:26 बजे ऑफिस में दाखिल हुआ और सुबह 4:53 बजे तक वहीं मौजूद रहा। करीब साढ़े छह घंटे तक एसी की ठंडी हवा में आराम करने के बाद वह सूरज निकलने से पहले शांतिपूर्वक वहां से निकल गया।
घटना सामने आने के बाद दुकान मालिक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस भी चोर के इस अजीब व्यवहार से हैरान है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसे जल्द गिरफ्तार करने के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू कर दी गई है।
