- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- देवरिया
- देवरिया में झोपड़ी में लगी भीषण आग, तीन बाइक समेत लाखों का सामान जलकर राख
देवरिया में झोपड़ी में लगी भीषण आग, तीन बाइक समेत लाखों का सामान जलकर राख
देवरिया : जिले के खुखुन्दू थाना क्षेत्र के पकड़ी ओझा गांव में सोमवार देर रात एक झोपड़ी में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक झोपड़ी में रखा सामान पूरी तरह जल चुका था। आग लगने से एक खटिया, एक ठेला, तीन मोटरसाइकिल और अन्य घरेलू सामान नष्ट हो गया, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
बताया जा रहा है कि गांव निवासी स्वर्गीय नमी पाठक के परिवार में 20 अप्रैल को विवेक पाठक का जनेऊ संस्कार था। इसी दौरान गांव के एक युवक से कहासुनी हो गई थी। अब इस आगजनी की घटना को उसी पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
स्वर्गीय नमी पाठक की पत्नी माया देवी ने आरोप लगाया है कि विवाद के बाद उसी युवक ने उनकी झोपड़ी में आग लगाई और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही खुखुन्दू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
थानाध्यक्ष राहुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि आगजनी की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
