आरोपी को छुड़ाने के लिए पुलिस पर पथराव, दो पुलिसकर्मी घायल

बलिया। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में मंगलवार को आरोपी युवक को छुड़ाने के प्रयास में भीड़ बेकाबू हो गई और पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि पुलिस की सरकारी गाड़ी का शीशा टूट गया। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी सदर भी मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, नगपुरा पश्चिम टोला में मंगलवार सुबह करीब 10:20 बजे नगपुरा चौकी प्रभारी को पीआरबी 9097 के माध्यम से सूचना मिली कि धर्मेंद्र नामक युवक के साथ मारपीट कर उसे सड़क किनारे छोड़ दिया गया है, जबकि मारपीट के आरोपी मिंटू को स्थानीय लोगों ने पकड़ रखा है।

यह भी पढ़े - जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति का नाम बदलकर ‘दृष्टि’ किया गया

सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर पीआरबी कर्मियों ने आरोपी युवक मिंटू को वाहन में बैठा लिया। इसी दौरान बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवक मौके पर जुट गए और आरोपी को अपने हवाले करने की मांग करने लगे।

पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालात को देखते हुए चितबड़ागांव थानाध्यक्ष, रसड़ा एसएचओ, फेफना एसओ समेत अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी युवक को सुरक्षित वहां से निकाल लिया।

आरोप है कि इसके बाद कुछ लोग उग्र हो गए और पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे। पथराव में दो पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गए, जबकि चितबड़ागांव थाने की सरकारी गाड़ी का पिछला शीशा टूट गया।

पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.