- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में कथित मतांतरण प्रयास के आरोप में पादरी गिरफ्तार
बलिया में कथित मतांतरण प्रयास के आरोप में पादरी गिरफ्तार
Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में धन और नौकरी का प्रलोभन देकर कथित रूप से मतांतरण कराने के आरोप में पुलिस ने एक ईसाई पादरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में बजरंग दल के जिला संयोजक प्रतीक राय की तहरीर पर थाना सिकंदरपुर में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी बिना वैध दस्तावेज के दुकान में रह रहा था और स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं को कथित रूप से बहला-फुसलाकर मतांतरण के लिए प्रेरित कर रहा था। आरोप है कि महिलाओं और उनके परिजनों को धन और नौकरी का लालच भी दिया जा रहा था।
शिकायत के अनुसार, आरोपी द्वारा हिंदू देवी-देवताओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने और स्थानीय लोगों को भड़काने का भी आरोप लगाया गया है।
प्रभारी निरीक्षक मूलचंद चौरसिया ने बताया कि उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिहार के पटना जिले के न्यू पाटलिपुत्र कॉलोनी निवासी 47 वर्षीय जोसे थोमस को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से प्रभु यीशु मसीह से संबंधित 124 पुस्तकें, एक म्यूजिक सिस्टम, तीन माइक्रोफोन, साउंड बॉक्स, पीए सिस्टम और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री बरामद की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
