- Hindi News
- भारत
- गुवाहाटी एयरपोर्ट के नए टर्मिनल से कमर्शियल ऑपरेशन शुरू, क्षमता बढ़कर 1.30 करोड़ यात्री प्रतिवर्ष
गुवाहाटी एयरपोर्ट के नए टर्मिनल से कमर्शियल ऑपरेशन शुरू, क्षमता बढ़कर 1.30 करोड़ यात्री प्रतिवर्ष
गुवाहाटी फरवरी। लोकप्रिय गोपीनाथ बरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एलजीबीआईए) के नए टर्मिनल भवन से शनिवार शाम को कमर्शियल ऑपरेशन शुरू हो गया, जिससे हवाई अड्डे की वार्षिक यात्री क्षमता बढ़कर 1 करोड़ 30 लाख हो गई है। इससे असम और पूरे उत्तर-पूर्व क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कमर्शियल ऑपरेशन के शुभारंभ के अवसर पर असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व शर्मा और अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) के निदेशक जीत अदाणी उपस्थित रहे। इस दौरान पहले प्रस्थान करने वाले यात्री को औपचारिक रूप से बोर्डिंग पास जारी किया गया, जबकि मुंबई से आई अकासा एयर की उड़ान नए टर्मिनल पर उतरी।
अराइवल हॉल में दीप प्रज्वलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें शिल्पकार समुदायों, चाय बागान कर्मियों, फ्रंटलाइन स्टाफ और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने भाग लिया।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व शर्मा ने कहा कि नए टर्मिनल के संचालन से राज्य के पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि टर्मिनल के निर्माण में असम की सांस्कृतिक पहचान को महत्व दिया गया है।
एएएचएल के निदेशक जीत अदाणी ने कहा कि यह विस्तार उत्तर-पूर्व क्षेत्र में बढ़ती हवाई यात्रा की मांग को दर्शाता है और असम को क्षेत्रीय हब के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
गुवाहाटी एयरपोर्ट पिछले एक दशक में देश के तेजी से बढ़ते गैर-मेट्रो हवाई अड्डों में शामिल रहा है। हाल के वर्षों में यहां सालाना यात्री संख्या 90 लाख से अधिक रही है, जिससे यह देश के शीर्ष 10–12 व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल हो गया है। वर्तमान में यह हवाई अड्डा 21 घरेलू और तीन अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों—बैंकॉक, पारो और सिंगापुर—से जुड़ा है तथा प्रतिदिन 130 से अधिक उड़ानों का संचालन करता है।
नया टर्मिनल डिजी यात्रा-सक्षम प्रक्रियाओं, एकीकृत वे-फाइंडिंग और केंद्रीय संचार प्रणाली से लैस है। रिटेल और फूड एंड बेवरेज सेवाएं चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएंगी।
यह टर्मिनल अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त वास्तुकार नुरु करीम द्वारा डिजाइन किया गया है, जो असम के कोपो फूल (फॉक्सटेल ऑर्किड) से प्रेरित है। इसमें बांस आधारित स्थापत्य का व्यापक उपयोग किया गया है। हवाई अड्डे का संचालन अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड की सहायक कंपनी गुवाहाटी इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (जीआईएएल) द्वारा किया जा रहा है।
