- Hindi News
- भारत
- आदिवासी समाज के उत्थान में योगदान के लिए डॉ. अतुल मलिकराम सम्मानित
आदिवासी समाज के उत्थान में योगदान के लिए डॉ. अतुल मलिकराम सम्मानित
भोपाल/लखनऊ। जनजातीय सामाजिक सेवा समिति द्वारा इंदौर के ऐतिहासिक गांधी हॉल में आयोजित एक भव्य समारोह में राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम को आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों पर उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. मलिकराम ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मान जिम्मेदारी को और बढ़ा देते हैं। उन्होंने आदिवासी समाज को जल, जंगल और जमीन के साथ-साथ अपनी समृद्ध संस्कृति का स्वाभाविक संरक्षक बताते हुए कहा कि आज आवश्यकता है कि संवेदनशील और प्रतिबद्ध लोग उनके अधिकारों और हितों के लिए आगे आएं। डॉ. मलिकराम ने यह भी दोहराया कि वे भविष्य में भी आदिवासी समाज के हित में निरंतर कार्य करते रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने आदिवासी समाज के सामाजिक सशक्तिकरण, शिक्षा के विस्तार और समान अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं और जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे लोगों को प्रोत्साहन और सम्मान मिलना चाहिए। आयोजकों ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को पहचान देने और उन्हें सार्वजनिक मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
