अपना दल (एस) का दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम संपन्न

  • 27% आरक्षण और 13% होल्ड का मुद्दा फिर गूंजा
  • सिंचाई व पेयजल की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उठाई आवाज
  • ‘यूपी में जारी है, एमपी की बारी है’ का नारा हुआ बुलंद

भोपाल,फरवरी 2026। अपना दल (एस) मध्य प्रदेश द्वारा 22 और 23 फरवरी को आयोजित दो दिवसीय सदस्यता अभियान सह जिला कार्यकर्ता बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह कार्यक्रम पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर. बी. सिंह पटेल प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहे। कार्यक्रम में राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम की भी प्रमुख उपस्थिति रही।

रविवार को जिला बैतूल के डाक बंगला परिसर में जिला कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। इसके पश्चात ग्राम परमंडल (मुलताई) में सदस्यता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

यह भी पढ़े - टी20 विश्व कप: दुबे और चक्रवर्ती के दम पर भारत ने नीदरलैंड्स को 17 रन से हराया, अजेय अभियान जारी

ग्राम परमंडल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव आर. बी. सिंह पटेल ने कहा कि मध्य प्रदेश में ओबीसी समाज को 27 प्रतिशत आरक्षण कोई भीख नहीं, बल्कि उनका संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने 13 प्रतिशत आरक्षण पर लगाए गए होल्ड को तत्काल हटाने की मांग की। साथ ही आदिवासी अंचलों की जमीनों के औद्योगिक उपयोग के लिए किए जा रहे अधिग्रहण पर चिंता जताते हुए उस पर रोक लगाने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सिंचाई व्यवस्था और पीने योग्य पानी की समस्या को प्रमुखता से उठाया। इस पर राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी ने इन जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर डॉ. अतुल मलिकराम ने “यूपी में जारी है, एमपी की बारी है” का नारा बुलंद करते हुए कहा कि दलित, शोषित और वंचित वर्ग के हितों के लिए केंद्र स्तर पर यदि कोई मजबूती से आवाज उठा रहा है तो वह केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल हैं, जो सत्ता पक्ष में रहते हुए भी समाज के मुद्दों को निडरता से संसद में उठाती हैं।

कार्यक्रम संयोजक एस. आर. नागले एवं डॉ. अनूप चौरे विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ सदाशिव जी, फूलचंद्र वर्मा जी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

23 फरवरी को जिला नर्मदापुरम के इटारसी में जिला कार्यकर्ता बैठक के साथ-साथ ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। यहां भी संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने और जमीनी मुद्दों को प्राथमिकता देने पर विस्तार से चर्चा हुई।

दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि सदस्यता अभियान केवल संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विचारधारा से जुड़े समर्पित कार्यकर्ताओं को तैयार करने का अभियान है। कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाने का संकल्प दोहराया गया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.