- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- रसड़ा तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन, 119 शिकायतें दर्ज, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
रसड़ा तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन, 119 शिकायतें दर्ज, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
बलिया : जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील रसड़ा में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने की। इस दौरान दूर-दराज क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच कर समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम खानवर नवादा निवासी राजेंद्र ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि उनके भाई द्वारा जमीन पर कब्जा कर उनका हिस्सा नहीं दिया जा रहा है। मामले में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल एवं कानूनगो को निलंबित करने के निर्देश दिए।
इस समाधान दिवस में वृद्धा पेंशन, राशन कार्ड, नाली निर्माण, अवैध कब्जा, वरासत, भूमि विवाद सहित अन्य राजस्व मामलों से जुड़ी बड़ी संख्या में शिकायतें सामने आईं। कई फरियादियों ने बताया कि उनकी समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग को निर्देश दिए कि भूमि विवाद, वरासत एवं अवैध कब्जे से जुड़े मामलों में तत्काल मौके पर पहुंचकर पैमाइश कर निष्पक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को राजस्व टीम के साथ समन्वय बनाकर विवादित मामलों में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आवश्यक होने पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने चेतावनी दी कि अगली समीक्षा बैठक में लंबित मामलों की प्रगति की व्यक्तिगत समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य एक ही मंच पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में जनता को न्याय दिलाना है। इस मौके पर उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
