- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News : गांव की बड़ी हवेली के खंडहर में मिला लापता बालक का शव, हत्या की आशंका
Ballia News : गांव की बड़ी हवेली के खंडहर में मिला लापता बालक का शव, हत्या की आशंका
बलिया : रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के कोटवारी गांव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव की बड़ी हवेली के खंडहर में एक बालक का शव बरामद हुआ। शव की शिनाख्त कोटवारी निवासी खलील शाह के 12 वर्षीय पुत्र रिजवान शाह के रूप में हुई है। रिजवान बीते चार दिनों से लापता था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया बालक की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
इसी बीच शनिवार को कुछ ग्रामीणों की नजर गांव की बड़ी हवेली के खंडहर में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए और रोते-बिलखते उनका बुरा हाल हो गया।
पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया और आवश्यक पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान से शव बरामद हुआ है, वहां पहले भी परिजनों द्वारा खोजबीन की जा चुकी थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बालक की हत्या कर शव को बाद में वहां फेंका गया है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं और सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
