बलिया में रेड क्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में एचपीवी टीकाकरण, 14 बच्चियों को लगाया गया टीका

बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद कुमार के निर्देशन में रेड क्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण जनजागरूकता अभियान के तहत राजकीय बाल गृह (बालिका) निधरिया में बच्चियों का टीकाकरण किया गया।

टीकाकरण सत्र का उद्घाटन जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार पौत्स्यायन और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. शशि प्रकाश ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टीकाकरण के महत्व की जानकारी देते हुए 14 बच्चियों को टीका लगाया।

यह भी पढ़े - Road Accident in Ballia : सड़क हादसे में पूर्व प्रधान समेत दो घायल

कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. शशि प्रकाश ने बताया कि Human papillomavirus infection से बचाव के लिए वैक्सीनेशन सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने कहा कि यह टीका बच्चियों को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर, योनि कैंसर और अन्य प्रकार के कैंसर से सुरक्षा प्रदान करता है।

उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध है। जिन बच्चियों की आयु 14 वर्ष से 15 वर्ष 3 माह तक है, वे अपने नजदीकी सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क कर यह टीका लगवा सकती हैं। टीकाकरण से संबंधित किसी भी जानकारी या कठिनाई के लिए 8005193246 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार पौत्स्यायन ने कहा कि जनजागरूकता ही बचाव का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चियों का टीकाकरण अवश्य कराने की अपील की।

रेड क्रॉस सोसाइटी के जिला समन्वयक शैलेंद्र पांडेय ने भी अभिभावकों से गंभीर बीमारी से बचाव के लिए बच्चियों को एचपीवी का टीका जरूर लगवाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर अधीक्षिका अमिता जैन, सहायक शोध अधिकारी सुनंदा गुप्ता, एएनएम प्रतिभा सिंह, दमयंती वर्मा, रविशंकर तिवारी, रंजन प्रभाकर, सुमन उपाध्याय, राजीव कुमार गुप्ता, सुमित कुमार, सोनी यादव और नितेश पाठक समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.