असम विधानसभा चुनाव में भाजपा की हैट्रिक पर नजर, कांग्रेस सत्ता वापसी के लिए मैदान में

गुवाहाटी। असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए बृहस्पतिवार को मतदान शुरू हो गया, जहां मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के बीच माना जा रहा है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने की कोशिश में है, जबकि गौरव गोगोई के नेतृत्व में कांग्रेस सत्ता में वापसी की उम्मीद लगाए हुए है।

राज्य के 35 जिलों में फैले 31,490 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। चुनाव मैदान में कुल 722 उम्मीदवार हैं, जिनमें मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, कांग्रेस के गौरव गोगोई, नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया, एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल, राइजोर दल के अखिल गोगोई और असम जातीय परिषद के लुरिंज्योति गोगोई जैसे प्रमुख चेहरे शामिल हैं।

यह भी पढ़े - उज्जैन में ‘महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम’ अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे मुख्यमंत्री डॉ. यादव

निर्वाचन आयोग के अनुसार करीब 2.50 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। इनमें 1.25 करोड़ से अधिक महिलाएं, 318 तृतीय लिंग मतदाता और 6.42 लाख पहली बार मतदान करने वाले मतदाता शामिल हैं। 80 वर्ष से अधिक आयु के 2.50 लाख से अधिक वरिष्ठ मतदाता तथा 2.05 लाख दिव्यांग मतदाता भी इस चुनाव का हिस्सा हैं।

भाजपा 90 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि उसकी सहयोगी असम गण परिषद 26 और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट 11 सीटों पर मैदान में हैं। कांग्रेस ने सबसे अधिक 99 उम्मीदवार उतारे हैं। विपक्षी खेमे में राइजोर दल, असम जातीय परिषद और अन्य क्षेत्रीय दल भी कई सीटों पर मुकाबले को रोचक बना रहे हैं।

प्रमुख मुकाबलों में जालुकबाड़ी सीट पर मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की प्रतिष्ठा दांव पर है, जबकि जोरहाट में गौरव गोगोई और भाजपा उम्मीदवार के बीच सीधा मुकाबला है। शिबसागर, बोकाखाट और तमुलपुर जैसी सीटों पर भी त्रिकोणीय संघर्ष देखने को मिल रहा है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है और शांतिपूर्ण मतदान के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती की गई है। मतगणना चार मई को होगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.