बलिया रेलवे स्टेशन पर राधाकृष्ण एकेडमी का स्वास्थ्य जागरूकता शिविर, छात्रों की सेवा भावना बनी मिसाल

बलिया। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत राधाकृष्ण एकेडमी के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने स्थानीय रेलवे स्टेशन के नए गेट पर स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के विज्ञान विषय के पीजीटी शिक्षक अमित गुप्ता और मोहम्मद आदिल ने किया।

गर्मी के मौसम को देखते हुए छात्रों ने यात्रियों के बीच ग्लूकोज का वितरण किया, ताकि उन्हें तत्काल ऊर्जा मिल सके और लू से बचाव हो। इसके साथ ही कई लोगों का रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) भी जांचा गया, जिससे उन्हें अपनी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी मिल सके।

यह भी पढ़े - कानपुर : गुड फ्राइडे पर चर्चों में विशेष आराधना, श्रद्धालुओं ने याद किया यीशु का बलिदान

शिविर का मुख्य आकर्षण छात्रों की व्यावहारिक प्रस्तुतियां रहीं। उन्होंने यात्रियों को बताया कि यदि किसी व्यक्ति को हीट स्ट्रोक हो जाए तो तुरंत क्या कदम उठाने चाहिए। इसके अलावा छात्रों ने सीपीआर (CPR) की तकनीक का प्रदर्शन भी किया, जिससे आपातकालीन स्थिति में किसी की जान बचाई जा सके।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां राधाकृष्ण एकेडमी में नियमित रूप से आयोजित की जाती हैं। इनका उद्देश्य केवल शैक्षणिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों में सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा भावना का विकास करना भी है।

प्रबंधन के अनुसार, ऐसे प्रयास छात्रों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहने की प्रेरणा देते हैं। यह शिविर यात्रियों के लिए जहां लाभकारी सिद्ध हुआ, वहीं छात्रों के लिए भी समाज सेवा के मूल्यों को आत्मसात करने का महत्वपूर्ण अवसर बना।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.