Ghaziabad News: गाजियाबाद में 18 वर्षीय छात्रा की 16वीं मंजिल से गिरकर मौत, हत्या या आत्महत्या पर सवाल

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम क्षेत्र में मंगलवार सुबह 18 वर्षीय छात्रा की एक बहुमंजिला इमारत की 16वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, जबकि परिजनों ने छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव नीचे फेंके जाने की आशंका जताई है।

पुलिस के अनुसार, छात्रा ने इसी वर्ष 12वीं की परीक्षा दी थी और वह उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही थी।

यह भी पढ़े - मथुरा : BJP नेता के घर गोलीबारी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल

परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 5:40 बजे छात्रा अपने पिता के साथ जयपुरिया सनराइज ग्रीन सोसाइटी पहुंची थी, जहां उसके पिता वाहन साफ करने और कपड़े प्रेस करने का काम करते हैं। कुछ देर बाद सूचना मिली कि एक लड़की इमारत से गिर गई है। मौके पर पहुंचने पर पिता ने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की।

छात्रा के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ पहले गलत काम किया गया और बाद में घटना को हादसा या आत्महत्या दिखाने के लिए उसे ऊंचाई से नीचे फेंक दिया गया।

उन्होंने कहा कि जब वह बेटी को छोड़कर काम पर गए थे, तब उसने शौचालय जाने की बात कही थी। बाद में जब वह मौके पर पहुंचे तो छात्रा के ऊपरी कपड़े और अंदरूनी वस्त्र फटे हुए थे, जिससे उन्हें दुष्कर्म की आशंका है।

पुलिस के अनुसार, सोसाइटी की लिफ्ट के सीसीटीवी फुटेज में छात्रा सुबह 5:53 बजे अकेले 16वीं मंजिल की ओर जाती दिखाई दे रही है। फुटेज में उसके कपड़े सामान्य स्थिति में दिख रहे हैं।

एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि अब तक की जांच और फोरेंसिक टीम की पड़ताल में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। उनके अनुसार छात्रा लिफ्ट से अकेले ऊपर गई और कुछ ही मिनट बाद गिरने की सूचना मिली।

उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। छात्रा के पिता के बयान के आधार पर कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि छात्रा का एक परिचित युवक था, जिससे जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.