बेल्थरा रोड में सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान समारोह, शिक्षा उन्नयन पर हुई चर्चा

बलिया। बेल्थरा रोड स्थित एक मैरेज हाल सभागार में प्राथमिक शिक्षक संघ सीयर द्वारा सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान में समारोह एवं शिक्षा उन्नयन गोष्ठी का आयोजन भावनात्मक वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक उदय नारायण सिंह ने की। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आए शिक्षक नेताओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। प्राथमिक शिक्षक संघ सीयर के अध्यक्ष अशोक यादव और मंत्री अवधेश कुमार ने अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया।

यह भी पढ़े - पुलिस टीम पर हमले के मामले में छह गिरफ्तार, सरकारी वाहन तोड़फोड़ प्रकरण में कार्रवाई तेज

प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज का वास्तविक राष्ट्रनिर्माता होता है। वह केवल पाठ्यपुस्तकों का ज्ञान नहीं देता, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का निर्माण भी करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक जीवनभर अपने अनुभव और मार्गदर्शन से समाज को दिशा देता रहता है।

शिक्षक विद्यासागर उपाध्याय ने कहा कि शिक्षक स्वयं दीपक की तरह जलकर समाज को प्रकाश देता है। उन्होंने शिक्षकों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके अनुभव नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया।

विशिष्ट अतिथि दिनेश कुमार गुप्त ने कहा कि शिक्षक समाज की आत्मा होते हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका अतुलनीय है। विभिन्न ब्लॉकों से आए शिक्षक संघ पदाधिकारियों ने भी संगठन की एकता, शिक्षक सम्मान और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में कवि एवं वक्ता डॉ. जितेंद्र स्वाध्यायी ने शिक्षक की भूमिका और शिक्षा के मानवीय मूल्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं प्रधानाध्यापिका मीरा शुक्ला द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।

खंड शिक्षा अधिकारी सीयर सुनील चौबे ने सभी अतिथियों और सेवानिवृत्त शिक्षकों का स्वागत करते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। समारोह के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षकों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और उपयोगी उपहार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते समय कई शिक्षक भावुक हो उठे।

कार्यक्रम में विभिन्न ब्लॉकों के शिक्षक संघ पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नंद लाल शर्मा ने किया, जबकि अंत में अध्यक्ष अशोक यादव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.