कानपुर : गुड फ्राइडे पर चर्चों में विशेष आराधना, श्रद्धालुओं ने याद किया यीशु का बलिदान

कानपुर : गुड फ्राइडे के अवसर पर प्रभु यीशु मसीह के बलिदान की स्मृति में शहर के विभिन्न चर्चों में विशेष आराधना और प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। फादरों की टीम ने भक्तिभाव से यीशु का क्रूस उठाकर वेदी तक पहुंचाया, जहां श्रद्धालुओं ने क्रूस चुम्बन कर उनके कष्टों और बलिदान को याद किया।

संत फ्रांसिस जेवियर्स चर्च, अशोक नगर में युवाओं ने यीशु मसीह के क्रूस पर चढ़ाए जाने का नाटकीय रूपांतरण प्रस्तुत किया। आराधना की शुरुआत गीत “जो क्रूस पर कुर्बान है, वो मेरा मसीहा है” से हुई। इसके बाद फादर के.के. एंटोनी, जोसेफ सहायनाथन और एंटोनी स्वामी ने क्रूस को वेदी तक पहुंचाया।

यह भी पढ़े - राम नवमी से पहले जगमगाई अयोध्या, दिव्य रोशनी से निखरा धार्मिक स्वरूप

इस दौरान यीशु मसीह द्वारा क्रूस पर कही गई सात वाणियां श्रद्धालुओं को सुनाई गईं। मुख्य वक्ता फादर जोसेफ सहायनाथन ने कहा कि आज का दिन प्रार्थना, उपवास और त्याग का प्रतीक है, क्योंकि इसी दिन प्रभु यीशु ने समस्त मानव जाति की मुक्ति के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया था।

शहर के अन्य चर्चों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। द गुड शेपर्ड चर्च, कल्याणपुर में बिशप पंकज राज मलिक ने सात वाणियों का संदेश सुनाया। वहीं न्यू इंडिया चर्च ऑफ गॉड, गोविंद नगर, चर्च ऑफ क्राइस्ट, पांडु नगर और न्यू लाइफ चर्च, काकादेव में भी विशेष आराधना हुई।

पादरी डायमंड यूसुफ ने कहा कि यीशु मसीह का जन्म मानव को पापों से मुक्ति दिलाने के लिए हुआ था और उनका बलिदान मानवता के उद्धार का प्रतीक है।

गुड फ्राइडे पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु चर्चों में पहुंचे और प्रभु यीशु के प्रेम, क्षमा, त्याग और बलिदान के संदेश को आत्मसात किया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.