- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया : प्रसूता और जुड़वा नवजात की मौत मामले में डॉक्टर सहित छह पर मुकदमा
बलिया : प्रसूता और जुड़वा नवजात की मौत मामले में डॉक्टर सहित छह पर मुकदमा
बलिया: प्रसव के दौरान कथित लापरवाही से प्रसूता और उसके जुड़वा नवजात बच्चों की मौत के मामले में पुलिस ने अस्पताल संचालक, डॉक्टर और चार अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
इस मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के दौरान पूर्वांचल अस्पताल और ए-वन पूर्वांचल अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को सील कर दिया है। बताया गया कि दोनों अस्पतालों के बीच संचालित एक अन्य अस्पताल फिलहाल चालू है।
जांच के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जब अस्पताल प्रबंधन से मृत नवजातों के बारे में जानकारी मांगी तो संचालक ने बताया कि उनके शव परिजन ले गए हैं। हालांकि परिजनों ने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद जांच में शौचालय के पास कूड़ेदान में दोनों नवजातों के शव पड़े मिले, जिससे परिजन आक्रोशित हो उठे।
घटना के विरोध में सपा नेता अनिल राय, धनजी यादव सहित सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए और अस्पताल संचालक व डॉक्टर पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए जिला अस्पताल मार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे कोतवाल क्षितिज त्रिपाठी ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।
पुलिस ने अस्पताल संचालक चन्द्रशेखर सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। बाद में परिजनों ने जनेश्वर मिश्र सेतु के पास प्रसूता और दोनों नवजातों का अंतिम संस्कार किया।
घटना के बाद मृतका के पति और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
