बलिया : स्कूल चलो अभियान के लिए बीएसए ने जारी किए दिशा-निर्देश

बलिया: नए शैक्षिक सत्र के तहत स्कूल चलो अभियान को लेकर बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभियान दो चरणों में संचालित किया जाएगा। पहला चरण 1 से 15 अप्रैल और दूसरा चरण 1 से 15 जुलाई तक चलेगा।

बीएसए ने निर्देश दिया है कि अभियान शुरू होने से पहले प्रत्येक विद्यालय में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की ओर से अभिभावकों के साथ बैठक आयोजित कर बच्चों के नामांकन के लिए प्रेरित किया जाए। अभियान का उद्देश्य शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना और कक्षा से कक्षा में बच्चों की निरंतरता बनाए रखना है।

यह भी पढ़े - Etawah Crime : जीजा ने नाबालिग साली की ईंट से कुचलकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

उन्होंने बताया कि 3 से 5 वर्ष तक के बच्चों का आंगनबाड़ी (बाल वाटिका) में, 6 वर्ष के बच्चों का कक्षा एक में तथा 7 से 14 वर्ष तक के स्कूल से बाहर या ड्रॉपआउट बच्चों का पुनः नामांकन कराया जाएगा। अभियान के दौरान बालिकाओं, दिव्यांग बच्चों, झुग्गी-झोपड़ी और ईंट-भट्ठों में रहने वाले बच्चों के नामांकन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए पोस्टर, बैनर, दीवार लेखन, रैली, प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही जनप्रतिनिधियों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा।

अभियान के सफल संचालन के लिए आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और शिक्षकों की जिम्मेदारी तय की गई है। बीएसए ने निर्देश दिया है कि नए सत्र से पहले विद्यालयों को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाया जाए तथा पहले दिन बच्चों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया जाए।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.