बलिया : शादी के 19 दिन बाद प्रेमी संग भागी नवविवाहिता, थाने पहुंचकर बोली– ‘बालिग हूं, उसी के साथ रहूंगी’

बलिया: बैरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी के महज 19 दिन बाद नवविवाहिता के अपने कथित प्रेमी के साथ फरार होने का मामला सामने आया है। पति की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार युवक की शादी 19 फरवरी को सुरेमनपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के एक गांव की युवती से हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी। आरोप है कि 10 मार्च की शाम करीब चार बजे युवती के मायके पक्ष का बताया जा रहा युवक राहुल सिंह ससुराल पहुंचा और नवविवाहिता से मिलने उसके कमरे में गया।

यह भी पढ़े - International Women’s Day : बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता से बदल रहा समाज – सीडीओ देवयानी

परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान मौका पाकर नवविवाहिता घर में रखे सोना-चांदी के आभूषण लेकर राहुल सिंह के साथ उसकी बाइक से फरार हो गई। परिवार के लोगों ने दोनों को बाइक से जाते हुए देखा, लेकिन तब तक वे नजरों से ओझल हो चुके थे।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित पति ने बैरिया थाने में तहरीर देकर राहुल सिंह पर पत्नी के अपहरण का आरोप लगाया। पुलिस ने 11 मार्च को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

इस बीच शनिवार को मामले में नया मोड़ तब आया, जब नवविवाहिता खुद बैरिया थाने पहुंच गई। उसने पुलिस को बताया कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से राहुल सिंह के साथ गई थी। युवती ने कहा कि वह राहुल से प्रेम करती है और उसी के साथ रहना चाहती है।

पुलिस ने युवती से उसके प्रेमी को थाने बुलाने को कहा है। हालांकि खबर लिखे जाने तक आरोपी युवक थाने नहीं पहुंचा था। पुलिस ने उसके पिता को पूछताछ के लिए बुलाया है।

प्रभारी निरीक्षक आर.पी. सिंह ने बताया कि युवती बालिग है और अपना बयान दे चुकी है। आरोपी युवक के सामने आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.