- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News : गोड़ जाति प्रमाण पत्र की मांग पर धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों को SDM का नोटिस
Ballia News : गोड़ जाति प्रमाण पत्र की मांग पर धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों को SDM का नोटिस
बलिया : गोड़ जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग को लेकर बांसडीह तहसील परिसर में लगभग 25 दिनों से धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों को एसडीएम बांसडीह अभिषेक प्रियदर्शी ने नोटिस जारी कर 28 अप्रैल को ही आंदोलन समाप्त करने का निर्देश दिया है।
एसडीएम ने तहसीलदार नितिन सिंह के साथ मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से कहा कि उमाशंकर गोड़, सुरेश शाह और मनोज शाह सहित अन्य लोगों ने 30 मार्च को जाति प्रमाण पत्र के लिए पत्रक सौंपा था।
तहसीलदार बांसडीह को नियमानुसार जांच के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं।
प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि उनके प्रार्थना पत्रों की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है और अगले 10 दिनों के भीतर सभी आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी।
एसडीएम ने कहा कि आंदोलनकारी 2 अप्रैल से तहसील परिसर में बिना किसी आधिकारिक अनुमति के धरना दे रहे हैं, जिससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है और परिसर की व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि बार-बार समझाने के बावजूद प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा है।
एसडीएम ने इस मामले की प्रतिलिपि थानाध्यक्ष बांसडीह को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
साथ ही नायब नाजिर को निर्देशित किया गया है कि संबंधित पक्षों को इस आदेश से तत्काल अवगत कराया जाए।
प्रशासन की इस सख्ती के बाद तहसील परिसर में धरना दे रहे लोगों के बीच हलचल बढ़ गई है।
एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी ने कहा कि प्रार्थना पत्रों की जांच तेजी से चल रही है और 10 दिन में समाधान का भरोसा दिया गया है। बिना अनुमति आंदोलन जारी रखने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
