- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- Lucknow News : गाजीपुर मामले पर अखिलेश यादव का हमला, बोले— सरकार के इशारे पर हुआ उत्पीड़न
Lucknow News : गाजीपुर मामले पर अखिलेश यादव का हमला, बोले— सरकार के इशारे पर हुआ उत्पीड़न
लखनऊ : समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने गाजीपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के कथित उत्पीड़न का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि यह कार्रवाई सरकार के इशारे पर की गई है और इसमें भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका है। उन्होंने पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नहीं चाहती कि समाजवादी पार्टी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के साथ खड़ी होकर उन्हें न्याय दिलाए।
अखिलेश यादव ने बताया कि विश्वकर्मा समुदाय और पार्टी के सहयोग से धन जुटाकर पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि मंगलवार को पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा और महिला सभा अध्यक्ष सीमा राजभर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मुलाकात करेगा।
गौरतलब है कि गाजीपुर में 15 अप्रैल को 17 वर्षीय किशोरी का शव गंगा नदी में मिला था। परिजनों ने यौन उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच कर रही है।
इससे पहले 22 अप्रैल को पीड़िता के परिवार से मिलने गए सपा प्रतिनिधिमंडल पर पथराव हुआ था, जिसमें पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हुए थे।
पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था के मद्देनजर निषेधाज्ञा लागू कर दी है और पीड़िता के गांव में बाहरी लोगों के जाने पर रोक लगा दी है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर दर्ज प्राथमिकी को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “हम कुछ पोस्ट करते हैं तो तुरंत प्राथमिकी हो जाती है, लेकिन सपा के खिलाफ सामग्री बनाने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती?”
उन्होंने इसे “चयनात्मक कार्रवाई” बताते हुए पुलिस जांच पर भी सवाल खड़े किए।
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं और महिला सुरक्षा के दावे खोखले साबित हो रहे हैं।
