Barabanki News : 1.32 करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, एएनटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

बाराबंकी : एएनटीएफ यूनिट लखनऊ और थाना मसौली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 660 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ 32 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. यासिर (30) और हुसैन कामिल (35) निवासी शहावपुर थाना मसौली के रूप में हुई है।

दोनों को 27 अप्रैल को कुमार हॉस्पिटल मोड़, शहावपुर टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 660 ग्राम हेरोइन के अलावा दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 1,610 रुपये नकद भी बरामद हुए।

इस मामले में थाना मसौली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे साझेदारी में हेरोइन का कारोबार करते थे। वे सस्ते दामों पर मादक पदार्थ खरीदकर ग्राहकों को ऊंचे दामों पर बेचते थे और मुनाफा आपस में बांट लेते थे।

आरोपियों ने बताया कि इसी पैसे से वे अपने शौक पूरे करने के साथ परिवार का खर्च भी चलाते थे।

यह कार्रवाई एएनटीएफ यूनिट लखनऊ की टीम ने प्रभारी उपनिरीक्षक सूरज सिंह के नेतृत्व में की।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.