- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- Lucknow News : गाजीपुर पीड़ित परिवार को सपा देगी 5 लाख की मदद, बोले अखिलेश— महिलाएं सुरक्षित नहीं
Lucknow News : गाजीपुर पीड़ित परिवार को सपा देगी 5 लाख की मदद, बोले अखिलेश— महिलाएं सुरक्षित नहीं
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गाजीपुर में मृत पाई गई नाबालिग लड़की के परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि पार्टी का चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को पीड़ित परिवार से मिलकर सहायता राशि का चेक सौंपेगा।
गाजीपुर में नाबालिग की संदिग्ध मौत को लेकर उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं और मामले की ठीक से जांच नहीं की गई।
अखिलेश यादव ने कहा, “परिवार को कुछ संदेह था, क्या उसकी जांच हुई? जहां शव मिला, वहां दो फीट पानी भी नहीं था।” उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट छिपाए जाने पर भी सवाल उठाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद ऐसी घटनाएं बढ़ी हैं और महिलाओं की सुरक्षा के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। साथ ही विपक्षी कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जाने का भी आरोप लगाया।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि संसद में बिल पास हो चुका है, लेकिन केंद्र सरकार इसे लागू करने में देरी कर रही है और जनता को भ्रमित कर रही है।
30 अप्रैल को महिला आरक्षण पर प्रस्तावित विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र में सपा विधायकों की भागीदारी पर उन्होंने कहा कि इसका निर्णय पार्टी का विधायक दल करेगा।
सपा अध्यक्ष ने यह भी घोषणा की कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर किसानों के अनाज का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए 15,000 करोड़ रुपये का कोष बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बुनकरों को बिजली में सब्सिडी दी जाएगी और उनके उत्पादों के विपणन की व्यवस्था सरकार करेगी।
इससे पहले अखिलेश यादव ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के 100 वर्षों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि एएमयू और बीएचयू जैसे संस्थानों ने देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस अवसर पर उन्होंने यूपी बोर्ड परीक्षा की मेरिट सूची में शामिल तीन छात्राओं को टैबलेट भी वितरित किए।
