- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- मैनपुरी
- Mainpuri News : डिंपल यादव का भाजपा पर हमला, बोलीं— पार्टी छोड़ने वाले नेताओं ने किया विश्वासघात
Mainpuri News : डिंपल यादव का भाजपा पर हमला, बोलीं— पार्टी छोड़ने वाले नेताओं ने किया विश्वासघात
मैनपुरी : समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सात राज्यसभा सांसदों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन नेताओं को पार्टी ने राज्यसभा भेजकर उन पर भरोसा जताया, उन्होंने उसी पार्टी को धोखा दिया है। यह उनकी पार्टी के साथ गद्दारी है।
उन्होंने दलबदल को लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए खतरा बताते हुए कहा कि विपक्षी दलों के नेताओं को तोड़ने का सिलसिला लगातार जारी है।
डिंपल यादव ने कहा कि इस तरह की राजनीतिक घटनाएं लोकतंत्र को कमजोर करती हैं और जनता के विश्वास को भी चोट पहुंचाती हैं।
उन्होंने देश के वर्तमान हालात पर भी गंभीर चिंता जताई और निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में पश्चिम बंगाल में उनकी सरकार की वापसी निश्चित है।
इसके अलावा उन्होंने मणिपुर हिंसा, उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, दलितों और अल्पसंख्यक समुदायों के शोषण जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया।
उन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है।
पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में डिंपल यादव ने 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए अभी से जनता के बीच जाकर तैयारी शुरू करने का आह्वान किया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए जुट जाने की अपील की।
