- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: केंद्र के 12 और प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य कार्यक्रम, 1111 आंगनबाड़ी सहा...
Ballia News: केंद्र के 12 और प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य कार्यक्रम, 1111 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को मिला नियुक्ति पत्र
बलिया: केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को गंगा बहुद्देशीय सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने 33 विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को गिनाया
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र में सरकार बनने के बाद छोटी योजनाओं को बड़े स्तर पर लागू कर जनकल्याण को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 मई 2016 को बलिया से उज्ज्वला योजना की शुरुआत की थी, जिसके तहत देशभर में 12 करोड़ से अधिक महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया है और प्रधानमंत्री आवास योजना व मुख्यमंत्री आवास योजना के जरिए जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वर्ष 2029 तक सभी पात्र लोगों को आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
मंत्री ने बताया कि बलिया का ओडीओपी उत्पाद सत्तू और बिंदी उद्योग लगातार आगे बढ़ रहा है। वहीं ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनने के बाद लखनऊ से बलिया की दूरी करीब साढ़े तीन घंटे में तय की जा सकेगी। उन्होंने सुरहाताल को रामसर साइट घोषित किए जाने को जिले के लिए गौरव की उपलब्धि बताया।
1111 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को मिला नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम में परिवहन मंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के चयनित लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र, प्रमाण पत्र, टूलकिट, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य सामग्री वितरित की।
इस दौरान 1111 नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इसके अलावा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को टूलकिट, आयुष्मान भारत योजना के पात्रों को आयुष्मान कार्ड, अंत्योदय योजना के लाभार्थियों को राशन कार्ड तथा नंद बाबा दुग्ध मिशन योजना के पशुपालकों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की 20 मुख्य सेविकाओं को कार्य सुविधा के लिए मोबाइल फोन वितरित किए गए। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के चार लाभार्थियों को लैपटॉप तथा मुख्यमंत्री अवार्ड योजना के पांच लाभार्थियों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव, महिला आयोग सदस्य सुनीता श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
